लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
परिजनों ने हंगामा कर नर्सिंग होम में की तोड़फोड़
बिल्हौर,चौबेपुर।बिठूर के ब्रह्मनगर स्थित राजा नर्सिंग होम के एनआईसीयू में आग से झुलसकर नवजात बच्ची की मौत के मामले में नर्सिंग होम के डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज किया गया है। सोमवार को आक्रोशित परिजनों ने गिरफ्तारी और नर्सिंग होम सील करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।बाकरगंज निवासी अरुण निषाद की पत्नी शालू ने रविवार को ऑपरेशन से बच्ची को जन्म दिया था। आरोप है कि नवजात को एनआईसीयू में रखने के दौरान आग लगने से वह झुलस गई और कानपुर ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि घटना के समय एनआईसीयू में कोई स्टाफ मौजूद नहीं था।डिप्टी सीएमओ रमित रस्तोगी ने जांच के दौरान मानकों के विपरीत पाए गए एनआईसीयू को सील कर दिया है और अन्य दस्तावेजों की जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं, बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि मृतका की बुआ की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
