दादा नगर औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों को विद्युत विभाग ने अत्यधिक बढ़े हुए विद्युत बिल जारी किये हैं, साथ ही जिन उपभोक्ताओं द्वारा निरन्तर बिल का भुगतान किया जा रहा है, उनके विद्युत कनेक्शनों पर पिछले 6-7 वर्षो की गड़बड़ी दर्शित कर, दण्डस्वरूप उनसे भारी धनराशि वसूली जा रही है। इस प्रकार के मामले संज्ञान में आने पर, कोआपरेटिव इस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर के नेतृत्व में आक्रोशित उद्यमीगणों ने डायरेक्टर केस्को श्री राकेश वार्ष्णेय से मुलाकात कर अपनी व्यथा बताई।

एक उद्यमी श्री वीरेन्द्र मिश्रा के पुत्र स्व. गर्वित मिश्रा के नाम संयोजन में वर्ष 2018 से अब तक प्रत्येक माह नियमित रूप से विभागीय स्टाफ द्वारा एम.आर.आई. (मीटर रीडिंग इन्स्ट्रूमेन्ट) के माध्यम से मीटर रीडिंग होने एवं उसके आधार पर लगातार बिल जमा होने के बावजूद विसंगति दिखाकर 8 वर्ष की पेनाल्टी का बिल जारी किया गया है। यदि वास्तव में मीटर में कोई त्रुटि अथवा अनियमितता थी, तो उसी समय सूचित किया जाना विभाग का दायित्व था, ताकि तत्काल नया मीटर लगवाकर उस अवधि तक का यथोचित भुगतान किया जा सकता। यह पूर्णतः अनुचित, अन्यायपूर्ण एवं विधि विरुद्ध है कि लगभग 8 वर्षों के पश्चात अचानक संपूर्ण अवधि का एकमुश्त रू. 50 लाख से अधिक का बिल उपभोक्ता पर डाल दिया जाए।

चेयरमैन विजय कपूर ने उद्यमियों का पक्ष रखते हुए बताया कि उद्यमी वीरेन्द्र मिश्रा दिल के मरीज हैं और उनके पुत्र गर्वित मिश्रा (उपभोक्ता) की 4 वर्ष पूर्व हृदय रोग से मृत्यु हो चुकी है। उद्योग ठीक से न चलने के कारण, इस अत्यधिक बिल को देखकर उद्यमी वीरेन्द्र मिश्रा पुनः अस्वस्थ हो गये हैं। उन्होने केस्को प्रबन्धन से अपेक्षा की है कि यदि कोई विसंगति पायी गयी है, तो इतने वर्षो से जिन विभागीय कर्मचारियों द्वारा एम.आर.आई. के माध्यम से मीटर रीडिंग की जा रही है, उन सभी मीटर रीडरों, सुपरवाइज़रों एवं अधिकारियों का रिकार्ड एवं भूमिका की जांच कराई जाए, यदि विभागीय स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो उसका उत्तरदायित्व तय किया जाए, तथा इस प्रकार का अवैधानिक एवं अत्यधिक वित्तीय भार उपभोक्ता पर न डाला जाए। यह प्रकरण नैसर्गिक न्याय तथा विद्युत उपभोक्ता अधिकारों के प्रतिकूल है।

श्री वार्ष्णेय ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए, इस प्रकरण को जांच करके निस्तारित किये जाने का आश्वासन दिया है। इसी के साथ उन्होने बताया कि स्मार्ट मीटरों के कारण बढ़े हुए बिल आ गये हैं, जिन्हें ठीक कर दिया जायेगा और किसी प्रकार का ब्याज आदि नही वसूला जायेगा। गरीब मजदूरों आदि के जो बिल बहुत अधिक हैं, उनसे पार्ट पेमेन्ट के रूप में 25 प्रतिशत से कम भी जमा किया जा सकेगा, जिससे उन्हें बिल जमा करने में कोई परेशानी न हो और राजस्व का नुकसान भी न हो।

इसी दौरान कोआपरेटिव इस्टेट यूथ विंग के सदस्यों कार्तिक कपूर, विपुल ईसरानी व निखिल खन्ना आदि ने शाल पहनाकर श्री राकेश वार्ष्णेय का अभिनन्दन किया गया।

इस बैठक में चेयरमैन विजय कपूर के साथ प्रमुख रूप से श्री देवेन्द्र जी (ओ.एस.डी.-एम.डी.), उद्यमी हरीश ईसरानी, कार्तिक कपूर, अरूण जैन, अशोक जुनेजा, शरद शर्मा, पम्मी खन्ना, वीरेन्द्र मिश्रा, सतीश प्रकाश, अवधेश मिश्रा, निखिल खन्ना, अंश चन्देल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *