राहुल गांधी देश के लिए बोझ, लोकतंत्र के लिए खतरा: पूर्व केंद्रीय मंत्री
अमेरिका ट्रेड डील पर सरकार को बदनाम करने का आरोप, बंगाल में भाजपा की जीत का किया दावा
कानपुर 12 फरवरी कानपुर आगमन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश के लिए बोझ बन गए हैं और भारत के लोकतंत्र के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संसदीय प्रणाली की मर्यादा का पालन करने के बजाय राहुल गांधी संसद में लगातार व्यवधान उत्पन्न करने का काम कर रहे हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकसभा में 99 सीटें आने के बाद राहुल गांधी को गलतफहमी हो गई है कि वे देश में कुछ भी बोल सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अनर्गल बयानबाजी कर देश को गुमराह कर रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
अमेरिका के साथ हुए हालिया ट्रेड एग्रीमेंट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह समझौता भारत के हित में हुआ है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने एक मजबूत और संतुलित डील की है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस समझौते को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं, जबकि यह भारत की आर्थिक मजबूती का प्रतीक है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सेवा का संकल्प लिया है। “उन्होंने इस मिट्टी की सौगंध खाई है कि देश को कमजोर नहीं होने देंगे। उनकी मजबूत छवि और निर्णायक नेतृत्व का ही परिणाम है कि भारत वैश्विक मंच पर सम्मान के साथ खड़ा है,” उन्होंने कहा।
राहुल गांधी को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से सीख लेनी चाहिए कि विपक्ष में रहते हुए भी किस प्रकार राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा जाता है और संसद की गरिमा बनाए रखी जाती है।
बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी अपार बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपनी हार का आभास हो गया है, इसलिए वे चुनाव आयोग जैसे मुद्दों को जानबूझकर उठाकर माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं।
उन्होंने कहा, “बंगाल में परिवर्तन तय है। वहां भाजपा आने वाली है और तृणमूल कांग्रेस जाने वाली है।”
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश आज मजबूत नेतृत्व के कारण विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
आज कानपुर आगमन पर चकेरी एयरपोर्ट पर भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित शिवराम सिंह शुभम अवस्थी ने स्वागत किया।
