कानपुर; दिनांक- 14.02.2026
बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर सांस्कृतिक गतिविधियों का हुआ आयोजन

’शो योर टैलेंट’ पहल के तहत कलाकारों ने की नृत्य और संगीत की प्रस्तुति

कानपुर मेट्रो द्वारा आज शाम बड़ा चौराहा मेट्रो स्टेशन पर ’रायमा डांस एकेडमी’ संस्था के सहयोग से नृत्य और संगीत संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों से लेकर विभिन्न आयु वर्ग के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रतिभावान कलाकारों ने पुरानी और नई फिल्मों के लोकप्रिय गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर लगभग 2ः00 बजे से हुई। युवा कलाकारों ने मंच पर एक के बाद एक अपनी संगीत प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। प्रतिभागियों ने ‘दिल को हजार बार रोका-रोका-रोका’, ‘बेकरार करके हमें यूं ना जाइए’ और ‘सोचेंगे तुम्हें प्यार करें कि नहीं’ जैसे सदाबहार गीतों को अपनी सुरीली आवाज में प्रस्तुत किया, जिन्हें यात्रियों ने काफी पसंद किया।

इसके बाद नृत्य प्रस्तुतियों की श्रृंखला आरंभ हुई। ‘आजा नचले‘, ‘काहे छेड़े मोहे‘, ‘मुझे माफ करना ओम साईं राम‘ जैसे फिल्मी गीतों पर युवा कलाकारों की ऊर्जा से भरपूर नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और खूब तालियां बटोरीं।

उल्लेखनीय है कि कानपुर मेट्रो ने नवोदित कलाकारों को मंच प्रदान करने के लिए ‘शो योर टैलेंट’ नामक पहल की शुरुआत की है। कानपुर मेट्रो न केवल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध करा रहा है, बल्कि संस्कृति और कला को प्रोत्साहित करने वाले मंच के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *