आज दिनांक 16.02.2026 को सुबह थाना सेनपश्चिमपारा क्षेत्र अन्तर्गत पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा है, जो प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रहा है । सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची । *मृतक की शिनाख्त चेतराम जी के रूप में की गई।*
इसके उपरांत पुलिस टीम उनके निवास स्थान पर परिजनों को सूचित करने हेतु पहुंची तो वहां पहुंचने पर पाया गया कि घर के अंदर उनकी *पत्नी (उम्र लगभग 40 वर्ष) तथा उनके 16 वर्षीय पुत्र* का भी शव पड़ा हुआ है । दोनों को गोली लगी थी ।
प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि रात्रि में पारिवारिक विवाद हुआ, जिसके पश्चात चेतराम द्वारा पत्नी व पुत्र को गोली मारने के बाद स्वयं रेलवे ट्रैक पर जाकर आत्महत्या की गई । हालांकि, वास्तविक तथ्यों की पुष्टि जांच के उपरांत ही की जाएगी । अन्य परिजनों को सूचित किया गया है ।
घटना स्थल से एक डीबीबीएल (डबल बैरल) गन बरामद हुई है, जिससे गोली चलना बताया जा रहा है। मृतक चेतराम पूर्व सैनिक (रिटायर्ड आर्मी पर्सन) थे तथा वर्तमान में सुरक्षा गार्ड की नौकरी कर रहे थे उन्हें पेंशन भी प्राप्त हो रही थी, बताया गया है कि वे लगभग तीन माह पूर्व ही इस मकान में रहने आए थे ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार में कुछ आर्थिक कारणों को लेकर तनाव की बात सामने आ रही है । आसपास के लोगों के बयान, *सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों* के आधार पर पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।
रेलवे ट्रैक के पास एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई थी । वाहन के नंबर के आधार पर परिजनों की पहचान की गई और पुलिस टीम उनके घर पहुंची। फिलहाल तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु भेजा जा रहा है । प्राप्त साक्ष्यों एवं पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
