आयकर अधिनियम के प्रावधानों पर बार एसोसिएशन की बैठक, टीडीएस नियमों पर विस्तृत चर्चा

कानपुर। कानपुर आयकर बार एसोसिएशन द्वारा ग्रुप डिस्कशन कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें अधिवक्ताओं, कर सलाहकारों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आयकर कानून में हुए नवीन परिवर्तनों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक के मुख्य वक्ता विशाल खन्ना ने आयकर अधिनियम-2025 की संरचना तथा विशेष रूप से टीडीएस प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वर्तमान आयकर अधिनियम-1961 में 43 धाराएं विभिन्न राशियों और परिस्थितियों के आधार पर स्रोत पर कर कटौती से संबंधित हैं, जिनमें दरें अलग-अलग प्रावधानों के तहत निर्धारित की गई हैं। वहीं नए आयकर अधिनियम-2025 में इन सभी धाराओं को एक समेकित ढांचे में सम्मिलित किया गया है। उन्होंने बताया कि नए अधिनियम की धारा 392 में वेतन पर टीडीएस कटौती की प्रक्रिया स्पष्ट की गई है तथा धारा 393 में निवासी, अनिवासी और अन्य व्यक्तियों के लिए पृथक तालिकाएं निर्धारित की गई हैं, जिनमें आय की प्रकृति, मौद्रिक सीमा, भुगतानकर्ता की स्थिति और लागू टीडीएस दर को व्यवस्थित रूप से दर्शाया गया है। निवासी भुगतानकर्ताओं की तालिका में कमीशन, किराया, ब्याज और पूंजी बाजार से आय जैसी समान प्रकृति की आय को एकीकृत किया गया है तथा ऐसी परिस्थितियों के लिए अलग तालिका भी दी गई है जहां टीडीएस कटौती आवश्यक नहीं होती। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीडीएस एवं टीसीएस की दरें और सीमाएं मूलतः पूर्व अधिनियम के समान हैं, किंतु प्रस्तुतीकरण अधिक सरल और व्यवस्थित बनाया गया है।

सभा के सभापति सीए गोविंद कृष्ण ने बताया कि अब धारा 197 के अंतर्गत लोअर या निल टीडीएस डिडक्शन के लिए आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि टीडीएस रिटर्न में त्रुटि सुधार दाखिल करने की समय-सीमा घटाकर दो वर्ष कर दी गई है और 1 अप्रैल 2026 के बाद वित्त वर्ष 2018-19 से 2023-24 तक के रिटर्न में कोई रेक्टिफिकेशन स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने सदस्यों को सलाह दी कि संबंधित मामलों में संशोधित टीडीएस रिटर्न 31 मार्च 2026 से पूर्व अवश्य दाखिल कर दिए जाएं ताकि भविष्य में कानूनी जटिलताओं से बचा जा सके।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अध्यक्ष प्रदीप कुमार द्विवेदी ने की तथा संचालन महामंत्री सीए शरद सिंघल ने किया। अंत में वित्त सचिव आशीष जौहरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में सुनील त्रिवेदी, राजीव गुप्ता, अलिंद पी. गुप्ता, अखिलेश तिवारी, पद्मेश बाजपेयी, प्रशांत रस्तोगी, शरद निगम, आनंद सिंह, ओ. पी. वर्मा, राजकमल गुप्ता, मनीष गुप्ता, अमित गुप्ता, मुकुंद गुप्ता और बसंत लाल गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *