महाशिवरात्रि के अवसर पर ‘हिंदू सम्मेलन’ एवं रक्तदान शिविर का आयोजन

 

 

कानपुर। काकादेव स्थित तुलसी नगर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान शिव–पार्वती विवाह उत्सव के उपरांत ‘हिंदू सम्मेलन’ एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य विवाह प्रसंग का मंचन किया गया। तत्पश्चात आयोजित रक्तदान शिविर में 45 लोगों ने रक्तदान कर सेवा एवं मानवता का संदेश दिया।

सम्मेलन में हिंदू समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण तथा नई पीढ़ी को सनातन परंपराओं से जोड़ने पर विशेष बल दिया गया। आयोजक एवं अध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का माध्यम हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. शरद बाजपेयी सहित संत राम जी त्रिपाठी, डॉ. कृष्ण कांति दीक्षित, स्वयं प्रकाश पांडेय, राजीव त्रिपाठी एवं प्रीति रंजन समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

आरएसएस नगर कार्यवाहक, गीता नगर (कानपुर पश्चिम) स्वयं प्रकाश पांडेय ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के इतिहास एवं संगठनात्मक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने ‘पंच प्रण’—कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य एवं आत्मबोध—पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन हेतु एकजुट रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *