*खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, कानपुर नगर*
*होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में विशेष अभियान*
*13,972 लीटर खाद्य तेल एवं 1,350 किग्रा रंगीन कचरी जब्त — कुल अनुमानित मूल्य ₹19,02,860/-*
आज दिनांक: 20.02.2026 को
आगामी होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने हेतु जिलाधिकारी श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, कानपुर नगर की टीमों द्वारा विशेष छापेमारी एवं जांच अभियान चलाया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी एवं नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण/बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने के लिए जनपद में निरंतर अभियान चलाया जा रहा है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान कुल 13,972 लीटर खाद्य तेल, जिसकी अनुमानित कीमत ₹18,15,110/- है, का नमूना संग्रहण करने के उपरांत उसे जब्त किया गया।
इसी क्रम में तिवारीपुर, जाजमऊ स्थित एक कचरी निर्माण स्थल पर छापेमारी की गई, जहां से लगभग 1350 किलोग्राम रंगीन कचरी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹87,750/- है, बरामद हुई। कचरी में अत्यधिक मात्रा में कृत्रिम रंग पाए जाने के दृष्टिगत नमूना संग्रहण के उपरांत उक्त सामग्री को जब्त कर लिया गया।
इसके अतिरिक्त आवास-विकास-3, कल्याणपुर क्षेत्र में नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण की सूचना पर टीम द्वारा छापा मारा गया, जहां कार्यवाही जारी है। मौके पर रिफाइंड ऑयल, वनस्पति तथा एसेंस का उपयोग कर संदिग्ध खाद्य पदार्थों घी का निर्माण किया जा रहा था। वहां पर नमूना संग्रहण एवं जब्ती की कार्यवाही जारी है
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा संबंधित नमूनों को परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। मिलावटखोरी एवं नकली खाद्य पदार्थों के निर्माण में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जनसामान्य से अपील है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थ खरीदते समय गुणवत्ता एवं शुद्धता का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
