तौधकपुर रोड पर स्वास्थ्य विभाग की सख्त कार्रवाई, 8 अस्पतालों का निरीक्षण, जगन्नाथ अस्पताल का लेबर रूम व ओटी सील वह अंदर अवैध रूप से संचालित माधव पैथोलॉजी को सील किया गया
कानपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा तौधकपुर रोड क्षेत्र में निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें कुल 8 अस्पतालों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान जगन्नाथ अस्पताल में गंभीर कमियां पाई गईं बिना रजिस्ट्रेशन के अस्पताल संचालित हो रहा था। जहां लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर मानकों के अनुरूप नहीं मिले उनको सील कर दिया गया। आवश्यक स्वीकृतियां और दस्तावेज पूर्ण नहीं पाए गए तथा नवीनीकरण/नए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हुए बिना ही सेवाएं संचालित की जा रही थीं, जिस पर स्वास्थ्य विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए जगन्नाथ अस्पताल का लेबर रूम और ओटी तत्काल प्रभाव से सील कर दिया और नोटिस जारी किया। वहीं माधव डायग्नोस्टिक सेंटर की पैथोलॉजी में भी आवश्यक मानकों की अनदेखी और दस्तावेजों की कमी सामने आने पर उसे सील कर दिया गया। निरीक्षण के दौरान रामा अस्पताल संचालित नहीं मिला, जबकि माधव अस्पताल और ऑर्किड अस्पताल में जनरल ड्यूटी डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर संबंधित अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा एशिया अस्पताल, कुमार अस्पताल, गणेश अस्पताल और स्वराज्य अस्पताल का भी निरीक्षण किया गया, जहां व्यवस्थाओं और अभिलेखों की जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी अस्पताल या पैथोलॉजी केंद्र के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
