होली पर घर जाने वालों के लिए खुशखबरी: रेलवे ने चलाईं 9 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें
कानपुर। होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मुंबई, पुणे और दिल्ली से उत्तर प्रदेश, बिहार और ओडिशा जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने 9 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें 23 फरवरी से 10 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों में संचालित होंगी।
*रेलवे अधिकारियों के अनुसार,* यात्रियों को कन्फर्म सीट उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त कोच भी लगाए जा रहे हैं, ताकि त्योहार पर घर जाने वालों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। यात्री इन विशेष ट्रेनों में अग्रिम आरक्षण करा सकते हैं।
*मुंबई से बनारस और गोरखपुर* के लिए विशेष गाड़ियां लोकमान्य तिलक टर्मिनस से बनारस के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन 25 फरवरी, 26 फरवरी, 4 और 5 मार्च को मुंबई से रवाना होगी। वापसी में यह गाड़ी 27, 28 फरवरी और 6, 7 मार्च को बनारस से चलेगी। यह ट्रेन ठाणे, कल्याण, नासिक, भुसावल, इटारसी, झांसी, गोविंदपुरी और फतेहपुर होते हुए बनारस पहुंचेगी। इस गाड़ी में कुल 22 कोच होंगे।
इसी प्रकार, *छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोरखपुर* (01079/01080) के बीच 21 फरवरी से 10 मार्च तक प्रतिदिन विशेष ट्रेन चलेगी। पुणे-गोरखपुर (01415/01416) स्पेशल भी रोजाना संचालित होगी। ये दोनों ट्रेनें कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा और बस्ती होते हुए गोरखपुर पहुंचेंगी।
*दिल्ली, पुणे से बिहार और ओडिशा के लिए ट्रेनें*
नई दिल्ली-खुर्दा रोड (04084) वन-वे आरक्षित विशेष ट्रेन 21 फरवरी 2026 से चल रही है, जो केवल एक फेरा लगाएगी। यह ट्रेन प्रयागराज, गया, बोकारो, टाटानगर और भुवनेश्वर होते हुए खुर्दा रोड पहुंचेगी।
*बिहार जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर* है। पुणे जंक्शन-दानापुर (01481/01482) साप्ताहिक विशेष ट्रेन 23 फरवरी से 8 मार्च तक 4-4 फेरे लगाएगी। इसके अलावा 01449/01450 पुणे-दानापुर प्रतिदिन विशेष ट्रेन 21 फरवरी से चल रही है, जो 10 मार्च तक रोजाना चलेगी। वहीं 01431/01432 पुणे-गाजीपुर सिटी के बीच 24 फरवरी से 8 मार्च तक 4-4 फेरे संचालित होंगे। यह गाड़ी मनमाड, इटारसी, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी और जौनपुर होते हुए गाजीपुर सिटी पहुंचेगी।
*लोकमान्य तिलक टर्मिनस-समस्तीपुर* (01043/01044) विशेष ट्रेन 24 फरवरी और 3 मार्च को मुंबई से तथा 26 फरवरी और 5 मार्च को समस्तीपुर से चलाई जाएगी।आनंद विहार-खुर्दा रोड (04066/04065) विशेष ट्रेन के संचालन दिनांक में संशोधन किया गया है। अब यह ट्रेन खुर्दा रोड से 1 मार्च से 5 मार्च के बीच चलेगी। प्रयागराज-मानिकपुर (04123) साप्ताहिक विशेष ट्रेन के समय में भी बदलाव किया गया है। अब यह ट्रेन हर बुधवार और रविवार को दोपहर 3:25 बजे प्रयागराज से रवाना होगी। यह ट्रेन चित्रकूट, बांदा, झांसी और ग्वालियर तक जाएगी।रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन के समय और आरक्षण की स्थिति को अवश्य जांच लें। अधिक जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क किया जा सकता है। त्योहार के दौरान स्टेशनों पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यात्रियों को समय से पहले स्टेशन पहुंचने की सलाह दी गई है।
