कानपुर बार एसोसिएशन चुनाव: जनरल हाउस मीटिंग में औपचारिक घोषणा, योगेंद्र अवस्थी बने अध्यक्ष
कानपुर बार एसोसिएशन के चुनाव परिणामों को आज औपचारिक रूप से मान्यता प्रदान कर दी गई। विगत 17 फरवरी को हुए मतदान के बाद 18 फरवरी की देर शाम तक परिणाम घोषित हो चुके थे, लेकिन नियमानुसार आज 23 फरवरी को कचहरी परिसर स्थित राम अवतार माहना हॉल में आयोजित जनरल हाउस मीटिंग में इनकी औपचारिक घोषणा की गई।
बैठक में सभी पदाधिकारियों के अलावा एल्डर कमेटी और चुनाव संचालन समिति के वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।एल्डर कमेटी के चेयरमैन श्री उमा शंकर मिश्रा ने मीडिया को बताया कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही और आज की बैठक में विजयी प्रत्याशियों के नामों की विधिवत पुष्टि कर दी गई।
बैठक में बताया गया कि अध्यक्ष पद पर योगेंद्र अवस्थी ने शानदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी दिनेश कुमार शुक्ला को पराजित किया। योगेंद्र अवस्थी को कुल 1453 वोट प्राप्त हुए, जबकि दिनेश कुमार शुक्ला 1391 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
महामंत्री पद का चुनाव भी काफी रोमांचक रहा, जिसमें विनय मिश्रा ने बाजी मारी। विनय मिश्रा ने अपने प्रतिद्वंद्वी सुशील कुमार सिंह को 82 वोटों के अंतर से हराया। इस पद के लिए विनय मिश्रा को 1801 वोट मिले, जबकि सुशील कुमार सिंह के पक्ष में 1719 मत पड़े थे।
हालांकि यह परिणाम पांच दिन पहले ही स्पष्ट हो चुके थे, लेकिन आज नियमानुसार औपचारिक घोषणा के बाद विजेताओं के समर्थकों ने राम अवतार माहना हॉल परिसर में जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। चुनाव समिति ने सभी विजेताओं के नामों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है।
