होली पर यात्रियों को राहत: सेंट्रल से मदुरै व मऊ-वलसाड के लिए स्पेशल ट्रेनें
कानपुर। होली पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने शहर को सौगात देते हुए दो जोड़ी विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों से दक्षिण भारत और पश्चिम भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी और नियमित ट्रेनों में होने वाली भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।
रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 01927/01928 कानपुर सेंट्रल-मदुरै विशेष ट्रेन का संचालन 25 फरवरी से 25 मार्च तक किया जाएगा। कानपुर सेंट्रल से यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार सुबह 8:10 बजे प्रस्थान कर झांसी, भोपाल, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा, नेल्लोर, कटपडी, सलेम होते हुए शुक्रवार सुबह 7:15 बजे मदुरै पहुंचेगी। वापसी में मदुरै से प्रत्येक शुक्रवार को चलकर सोमवार सुबह 4:30 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसएलआर, सामान्य, स्लीपर, एसी थर्ड, एसी सेकंड तथा इकॉनमी श्रेणी के कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिससे लंबी दूरी के यात्रियों को पर्याप्त सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 05017/05018 मऊ-वलसाड-मऊ विशेष ट्रेन का भी संचालन किया जाएगा, जिसका लाभ कानपुर सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को मिलेगा। मऊ से यह ट्रेन 28 फरवरी और 7 मार्च को शनिवार सुबह 3:45 बजे चलेगी और गोरखपुर, गोंडा, बाराबंकी, ऐशबाग, कानपुर सेंट्रल, आगरा, कोटा, रतलाम, वडोदरा और सूरत होते हुए रविवार दोपहर 12:35 बजे वलसाड पहुंचेगी। वापसी में वलसाड से यह ट्रेन 1 और 8 मार्च को चलकर मंगलवार तड़के 12:45 बजे मऊ पहुंचेगी। इस ट्रेन में सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के कुल 20 कोच लगाए जाएंगे।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार होली पर प्रवासी श्रमिकों, छात्रों और परिवारों की बड़ी संख्या में आवाजाही को देखते हुए ये विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
