ई-रिक्शा संचालन अब 7 जोन के कलर कोड के आधार पर होगा
तय जोन से बाहर मिलने पर किया जाएगा चालान
केवल पूरे कागजात वालों को ही दिया जाएगा कोड
कानपुर में ई-रिक्शा की बढ़ती अराजकता पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने नई व्यवस्था लागू की है। अब ई-रिक्शा का संचालन कलर कोड के आधार पर किया जाएगा। ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर को 7 जोन में बांटा गया है और प्रत्येक जोन के लिए अलग रंग निर्धारित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, जिन ई-रिक्शा चालकों के सभी कागजात पूरे होंगे, उन्हें ही संबंधित जोन का कलर कोड जारी किया जाएगा। यदि किसी जोन का ई-रिक्शा दूसरे जोन में संचालित पाया गया तो उसका चालान काटा जाएगा। पुलिस का दावा है कि इससे बिना पंजीकरण और अधूरे दस्तावेजों वाले ई-रिक्शा पर प्रभावी रोक लगेगी और ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी।
हालांकि ई-रिक्शा चालकों में इस नई व्यवस्था को लेकर असंतोष है। उनका कहना है कि गलती से भी दूसरे जोन में प्रवेश करने पर चालान का खतरा रहेगा, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले यह व्यवस्था नगर निगम की ओर से लागू की गई थी, लेकिन सभी ई-रिक्शा का पंजीकरण न हो पाने के कारण योजना प्रभावी नहीं हो सकी थी। अब ट्रैफिक पुलिस ने इसे संशोधित रूप में दोबारा लागू करने की तैयारी शुरू की है।
