कानपुर

 

महिला अधिवक्ता पर तेजाब से हमला, पति और ससुरालियों पर गंभीर आरोप

 

 

कानपुर शहर के बर्रा थानाक्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला अधिवक्ता ने अपने पति और ससुरालियों पर तेजाब से नहलाने, मारपीट करने और दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि स्थानीय पुलिस उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय आरोपी पति के दबाव में उसे ही परेशान कर रही है।

 

बर्रा-2 इलाके की रहने वाली पीड़िता, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, ने बताया कि उसके पति और ससुरालीजन लंबे समय से दहेज में चार पहिया वाहन की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि इसी मांग को लेकर पति ने उसे तेजाब से नहलाने की कोशिश की और जमकर मारपीट की।

 

पीड़िता ने बर्रा थाने में पति और ससुरालियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पति के दबाव में स्थानीय पुलिस उनके घर बार-बार भेजकर उन्हें और उनके परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है।

 

मामले की गंभीरता को लेकर पीड़िता के पिता भी थाने के बाहर भावुक हो गए। उन्होंने आंसू भरी आंखों से पूरे प्रकरण की जानकारी देते हुए पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया।

 

पीड़ित अधिवक्ता स्नेहा गुप्ता ने बताया “मेरे पति और ससुरालीजन मुझे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने मुझे तेजाब से नहलाया और मारपीट की। जब मैंने थाने में शिकायत की तो पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, उल्टे मेरे पति के कहने पर वह मुझे ही परेशान कर रहे हैं।”

 

फिलहाल, मामले की तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन पीड़िता और उसके परिवार की ओर से लगाए गए पुलिस पर दबाव के आरोपों ने विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *