पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में National Highway 34 पर बिधनू थाने के अंतर्गत सम्भुआ, बिधनू नहरिया एवं माधव बाग़ क्षेत्र में व्यापक यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया गया।
अभियान के अंतर्गत टीआई दक्षिण जोन प्रथम राजकुमार मिश्र एवं नुक्कड़ नाटक टीम द्वारा आमजन को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया गया। नाट्य प्रस्तुति एवं संवाद के माध्यम से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय पूर्ण सतर्कता बरतने के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राहवीर योजना एवं गुड सेमेरिटन प्रावधानों की जानकारी देते हुए नागरिकों को दुर्घटना की स्थिति में घायलों की सहायता करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही पम्पलेट वितरित कर लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
अभियान का मुख्य उद्देश्य NH-34 पर हो रही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को जागरूक कर सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है।
