गोविंदपुरी होकर चलेगी नई दिल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन
कानपुर। रेल प्रशासन ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए नई दिल्ली से पटना के बीच आरक्षित विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन गोविंदपुरी स्टेशन होकर संचालित होगी।
रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 04088/04087 नई दिल्ली-पटना-नई दिल्ली आरक्षित विशेष एक्सप्रेस 27 फरवरी 2026 से 3 मार्च तक नई दिल्ली से तथा 28 फरवरी 2026 से 4 मार्च 2026 तक पटना से कुल पांच-पांच फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रतिदिन चलेगी और इसमें स्लीपर के 5, सामान्य के 10, एसी तृतीय के 4 तथा दो एसएलआर सहित कुल 21 कोच लगाए जाएंगे।
नई दिल्ली से चलकर ट्रेन गोविंदपुरी, टूंडला जंक्शन, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, दिलदारनगर जंक्शन, बक्सर, रघुनाथपुर, आरा और दानापुर होते हुए पटना जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में भी यही मार्ग रहेगा।
