आज दिनांक 27.02.2026 को मा0 महापौर जी द्वारा जलकल विभाग में होली एवं गंगा मेला की तैयारियों को लेकर जलकल मुख्यालय, बेनाझाबर में बैठक की गयी।
बैठक से पूर्व महापौर जी द्वारा जलकल मुख्यालय, बेनाझाबर के 5 वें तल पर सभागार कक्ष/मीटिंग हॉल का फीता काटकर का उद्घाटन किया गया।
बैठक में महापौर के होली एवं गंगा मेला की तैयारियों के सम्बन्ध में पूछे जाने पर सहायक अभियन्ता, जोन-2 रामेन्द्र पाण्डेय ने अवगत कराया कि जोन- 2 में एक जेडपीएस एवं 62 नलकूप है, सभी चालू है, जोन-2 में वर्तमान मे 120 मेन होल भी मरम्मत कराये गये है, जहां से लीकेज की शिकायते प्राप्त हुई थी, सभी को मरम्मत करा दिया गया है। अधिशाषी अभियन्ता, जोन-3 गंगा सागर ने अवगत कराया कि जोन-3 में 12 जेडपीएस एवं 38 नलकूप है, सभी चालू है। जिन मार्गो में सीवर एवं जलापूर्ति लाइन से सम्बन्धित समस्या थी, उसे मरम्मत करा दिया गया है। अधिशाषी अभियन्ता, जोन-4 अनिल कुमार ने अवगत कराया कि जोन-4 में 13 जेडपीएस और 8 नलकूप है, सभी चालू हालत में है। होली में जलापूर्ति एवं सीवर सम्बन्धित समस्या के निस्तारण हेतु 24 घंटे टीम मौजूद रहेगी। अधिशाषी अभियन्ता, जोन-5 ईश्वर सिंह ने अगवत कराया कि जोन-5 में 10 जेडपीएस और 42 नलकूप है, सभी चालू हालत में है। 8-10 स्थानों पर नयी लाइन डाली गयी है। अधिशाषी अभियन्ता, जोन-6 मो0 शमीम ने अवगत कराया कि जोन-6 में 14 जेडपीएस एवं 10 नलकूप है। सभी चालू है।
महाप्रबन्धक, जलकल आनन्द कुमार त्रिपाठी ने कहा कि इस बार मा0 मुख्यमंत्री जी के निर्देश के क्रम में अकेन्द्रियत कर्मचारियों को दिनांक 26 फरवरी 2026 को ही वेतन का भुगतान कर दिया गया है। केन्द्रीयत कर्मचारियों का मानव सम्पदा पोर्टल में ब्योरा पूर्ण न होने के कारण वेतन रूक गया है। होली त्योहार में सभी जोनों में जलापूर्ति एवं सीवर समस्या के निस्तारण हेतु टीम का गठन कर 24 घंटे उपस्थित रहने हेतु निर्देशित किया गया है।
महापौर प्रमिला पाण्डेय ने जलकल विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को होली की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि पूरे देश में होली एक दिन खेली जाती है, किन्तु कानपुर में होली का त्योहार एक सप्ताह चलता है। इस होली में सभी धर्मो के लोग सम्मिलित होते है और सब मिलकर होली खेलते है। होली के अवसर पर पूरे शहर में पूर्ण प्रेशर से जलापूर्ति की जाये, जहॉ पर होली खेली जाती है, वहॉ के आस-पास मेन होल के ढक्कन खुले न रहे, विशेष तौर पर दलित बस्तियों के आस-पास अवश्य निरीक्षण करा लिया जाये, क्योंकि वहॉ पर होली अत्यधिक खेली जाती है। मलिन बस्तियों के पास जहॉ जलापूर्ति की सुविधा नहीं है, वहॉ पर टैंकर की व्यवस्था रखी जाये और टैंकर खाली होते ही उसे भरवाया जाये। टैंकर के पास महिलाओं के कपड़े बदलने हेतु अस्थायी चेजिंग रूम भी बनाया जाये, चेजिंग रूम में महिलाओं के स्नान हेतु भी व्यवस्था की जाये। गंगा मेला में होली की टोली हटिया, नयागंज बिरहाना रोड, फूलबाग होते हुए सरसैया घाट तक जाती है, इसके मार्ग मेें कोई सीवर, मेन होल का ढक्कन खुला न रहे। मरम्मत की फोटो भी उपलब्ध कराये। शहर में होली स्थलों के आस-पास हैण्डपम्पों, समर्सिबलों की मरम्मत करायी जाये। महापौर ने एफ0एम0कॉलोनी, सिविल लाइन्स में सीवर भराव, न्यू एलआईजी, बर्रा-7 में सीवर भराव एवं जरौली, फेज-2 में सीवर भराव सम्बन्धित दूरभाष पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण हेतु महाप्रबन्ध जलकल को निर्देशित किया। मा0 महापौर ने निर्देशित किया होली में पार्षदों द्वारा हैण्डपम्प एवं समर्सिबल सम्बन्धित समस्या से अवगत कराया जाता है, तो तत्काल निस्तारण कराया जाये।
बैठक में अधिशाषी अभियन्ता, जोन-2 नन्द किशोर एवं अन्य सहायक एवं अवर अभियन्ता उपस्थित रहे।
