लाजपत नगर में निर्माणाधीन मकान से गिरकर मजदूर की मौत, ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप

 

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर (115/26) निवासी 42 वर्षीय गेंदालाल पासवान की निर्माण कार्य के दौरान दूसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। घटना नजीराबाद थाना क्षेत्र स्थित लाजपत नगर में एक निर्माणाधीन मकान पर हुई।बताया गया है कि गेंदालाल स्लैब (लेंटर) डालने से पहले सरिया जाल बांधने का काम कर रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए। आरोप है कि मौके पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया था और सेफ्टी इंतजाम न होने के कारण हादसा हुआ।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नीचे लगे लोहे के नुकीले गेट से सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।मृतक की पत्नी शालिनी सिंह और पांच वर्षीय एक पुत्र है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई नंदलाल ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। उनका यह भी कहना है कि घटना के बाद से ठेकेदार फरार है और फोन भी नहीं उठा रहा।परिजनों ने संबंधित थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई और परिवार के भरण-पोषण के लिए उचित मुआवजे की मांग की है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और शिकायत के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *