चौबेपुर में चोरों का आतंक, शराब ठेकों व कैंटीन से लाखों की चोरी

 

एक हफ्ते में आधा दर्जन वारदातें, पुलिस अब तक खाली हाथ

 

 

बिल्हौर,कानपुर।सोमवार की रात चौबेपुर थाना इलाक़े में बेखौफ चोरों ने एक के बाद एक वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। रौतापुर चौराहे के क़रीब स्थित अंग्रेज़ी व देसी शराब के ठेकों और पास की कैंटीन का ताला तोड़कर चोर नक़दी समेत लाखों रुपये की शराब और सामान पर हाथ साफ़ कर गए।बताया गया है कि चौबेपुर थाना इलाक़े के रौतापुर चौराहे के पास गौरी लक्खा जाने वाले रोड पर सपा नेता व ज़िला पंचायत सदस्य कार्तिकेय शुक्ला की मार्केट में अंग्रेज़ी और देसी शराब की दुकानें संचालित हैं। कानपुर देहात के रामनगर शिवली निवासी वतन राज अग्निहोत्री और लालन बंगला, कानपुर निवासी अंग्रेज़ी शराब दुकान के अनुज्ञापी अवधेश कुमार ने बताया कि बीती रात नामालूम चोरों ने उनकी दुकानों के ताले तोड़ डाले।चोर अंग्रेज़ी शराब की दुकान की गोलक में रखे 72 हज़ार रुपये नक़द और सात पेटी अंग्रेज़ी शराब ले उड़े, जबकि देसी शराब के ठेके से गोलक में रखे 60 हज़ार रुपये नक़द और आठ पेटी देसी शराब चोरी कर ली गई। इसके बाद चोरों ने नज़दीक स्थित कैंटीन को भी निशाना बनाया, जहां से गोलक में रखे दो हज़ार रुपये नक़द के अलावा हज़ारों रुपये क़ीमत के सिगरेट, नमकीन और पान मसाला वगैरह उठा ले गए।सुबह राहगीरों की इत्तिला पर शराब ठेकों के अनुज्ञापी मौक़े पर पहुंचे और फौरन चौबेपुर थाना पुलिस को वाक़ये की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से मुआयना किया। इस दौरान खोजी कुत्ता पास के मकानपुरवा गांव तक गया, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।पुलिस ने शराब ठेका अनुज्ञापियों की तहरीर पर नामालूम चोरों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कर लिया है। थाना अध्यक्ष चौबेपुर दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फ़ुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही चोरों की गिरफ़्तारी की जाएगी।गौरतलब है कि बीते एक हफ्ते के भीतर बिकरू पुलिस चौकी इलाक़े में आधा दर्जन से ज़्यादा चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन अब तक एक भी वारदात का खुलासा नहीं हो सका है। कुछ दिन पहले सपा विधायक अमिताभ बाजपेई की गैस एजेंसी के गोदाम का ताला तोड़कर चोर लगभग पाँच लाख रुपये क़ीमत के 137 गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा अमित मिश्रा के इंटरलॉकिंग प्लांट की दीवार फांदकर चोर हज़ारों रुपये का सामान उठा ले गए। वहीं गधेना विरोहा गांव में एक किसान के घर में सेंध लगाकर लाखों रुपये की चोरी की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *