पनकी पुलिस की तत्परता से 3 वर्षीय लापता मासूम मिला, सकुशल परिजनों को सौंपा
कानपुर नगर कमिश्नरेट के थाना पनकी क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता से लापता हुए एक तीन वर्षीय मासूम को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे के मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है और लोगों ने पनकी पुलिस की सराहना की है।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर कॉलोनी चौकी क्षेत्र स्थित काशीराम कॉलोनी निवासी रेलवे माल गोदाम के ठेकेदार सूरज का लगभग 3 वर्षीय पुत्र मानव उर्फ पुष्पा भाई घर के पास बने मैदान में खेलते समय अचानक लापता हो गया। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब बच्चे का पता नहीं चला तो परिजन परेशान हो गए।इसी बीच काशीराम कॉलोनी और गंगागंज के बीच स्थित बटुक चौराहे के पास बच्चा रोता हुआ मिला। आसपास के लोगों ने बच्चे से उसके घर का पता पूछने और घर तक छोड़ने की कोशिश की, लेकिन वह सिर्फ अपने पिता का नाम सूरज ही बता पा रहा था। इसके बाद लोगों ने कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को थाना पनकी लेकर आई। सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से बच्चे की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन रात तक परिवार का पता नहीं चल सका। इसके बाद बच्चे को महिला उपनिरीक्षक सुरभि यादव की देखरेख में रखा गया।रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक जयदीप कुमार यादव को जब मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने बच्चे को अपने निजी वाहन से साथ लेकर आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन की। काफी प्रयास के बाद बच्चे के घर का पता चल गया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर मासूम मानव को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने पनकी पुलिस का धन्यवाद करते हुए उपनिरीक्षक जयदीप यादव की मानवीय संवेदनशीलता और बच्चों के प्रति प्रेम की सराहना की। मोहल्ले के लोगों ने भी पनकी पुलिस की इस सराहनीय कार्यवाही की प्रशंसा की।
