पंडित दीनदयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय (नवाबगंज) में मुख्यमंत्री उ0प्र0 श्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रस्तावित कार्यक्रम के दृष्टिगत सीएसए स्थित हेलीपैड का पुलिस आयुक्त द्वारा स्थलीय निरीक्षण
आज दिनांक 05.03.2026 को पुलिस आयुक्त कानपुर नगर श्री रघुबीर लाल द्वारा चंद्र शेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CSA) परिसर स्थित हेलीपैड का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा हेलीपैड परिसर, आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, ड्यूटी पॉइंट, सुरक्षा घेरा तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।
पुलिस आयुक्त महोदय ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने, यातायात प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
साथ ही कार्यक्रम स्थल पर *त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, एंटी-सैबोटाज चेकिंग, डॉग स्क्वॉड एवं बम निरोधक दस्ते* की तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा, अपर पुलिस उपायुक्त अभिसूचना, स्टाफ ऑफिसर, सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
पुलिस आयुक्त महोदय द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि माननीय मुख्यमंत्री महोदय के कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं निर्विघ्न संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं तथा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
