कानपुर ब्रेकिंग: रावतपुर में दबंगों ने युवक को बेरहमी से पीटा, हालत गंभीर
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ब्रह्मदेव चौराहे के पास स्थित घूंघट रेस्टोरेंट के नजदीक पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने एक युवक को घेरकर बेरहमी से मारपीट कर दी।
जानकारी के अनुसार घायल युवक का नाम शिवम है, जो मसवानपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों ने उसे सड़क पर रोककर लाठी-डंडों और घूंसों से जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूत्रों के अनुसार मारपीट करने वालों में मोनू कुशवाहा, मिंटू बिहारी और शिवा जीतू समेत कुछ अन्य अज्ञात लोग शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक झगड़े की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना के बाद घायल शिवम को तत्काल उपचार के लिए कल्याणपुर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं पीड़ित पक्ष की ओर से रावतपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
