कानपुर में आयोजित ‘विचार परिवार’ की समन्वय बैठक में सम्मिलित होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
कानपुर दिनांक 6 मार्च को कानपुर के नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल विद्यालय में ‘विचार परिवार’ की महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल जी मुख्य रूप से सहभागिता करेंगे।
भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी सुबह 11:00 बजे चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय में बने हैलीपैड पर उतरेंगे। यहाँ कानपुर महानगर के समस्त सांसद, विधायक एवं विधान परिषद सदस्यों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं महामंत्री संगठन धर्मपाल जी सड़क मार्ग से कानपुर पहुँचेंगे। जाजमऊ पुल पर भाजपा पदाधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा।
सभी वरिष्ठ नेता नवाबगंज स्थित पंडित दीनदयाल विद्यालय पहुँचेंगे, जहाँ वे विचार परिवार की समन्वय बैठक में हिस्सा लेकर आगामी रणनीतियों और वैचारिक विषयों पर चर्चा करेंगे।इस बैठक को संगठन और विचार परिवार के मध्य समन्वय को और सुदृढ़ करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
