बंबा में मिला मूक-बधिर युवक का शव, हत्या या हादसा? परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बिल्हौर (कानपुर नगर)। बिल्हौर थाना क्षेत्र के अलियापुर गांव के पास रसूलाबाद मार्ग किनारे स्थित एक बंबा में गुरुवार को एक युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह जब राहगीरों और दुकानदारों की नजर बंबा में पड़े शव पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी।मृतक की पहचान बछना गांव निवासी 28 वर्षीय हरिशंकर पुत्र स्व. शिवराम के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर पहचान कराई और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि हरिशंकर जन्म से ही गूंगा और बहरा था।मृतक के भाई गिरीश ने बताया कि हरिशंकर काफी समय तक अलियापुर में कल्लू नाम के व्यक्ति की मुर्गा-मछली की दुकान पर काम करता था और बीच-बीच में घर आता-जाता रहता था। करीब दो माह पहले उसने दुकान का काम छोड़ दिया था और अपने मामा रामसेवक के यहां चौखंडी गांव में रहने लगा था।गिरीश के अनुसार, मंगलवार की शाम हरिशंकर मामा के घर से बछना स्थित अपने घर आया था। कुछ देर रुकने के बाद वह फिर अलियापुर चला गया और उसके बाद वापस नहीं लौटा। बुधवार को जब परिजन उसकी तलाश में अलियापुर पहुंचे और दुकान मालिक कल्लू से पूछताछ की, तो उसने बताया कि मंगलवार शाम हरिशंकर को शराब के नशे में अलियापुर में घूमते देखा गया था।परिजनों ने आरोप लगाया है कि कल्लू पर हरिशंकर के करीब 15 हजार रुपये बकाया थे और वह वही पैसे लेने गया था। उनका आरोप है कि पैसे के विवाद में कल्लू ने उसे शराब पिलाकर उसकी हत्या कर दी और शव बंबा में फेंक दिया।हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक नशे की हालत में बंबा में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
