किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष बने अशोक शुक्ला
कानपुर। किदवई नगर मार्बल मार्केट में आयोजित आम सभा में मार्बल कारोबारी अशोक शुक्ला को सर्वसम्मति से किदवई नगर उद्योग व्यापार मंडल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। कार्यक्रम में भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि कानपुर दक्षिण की सबसे बड़ी बाजार किदवई नगर में व्यापारियों की कई समस्याएं हैं, जिन्हें देखते हुए संगठन के पुनर्गठन की आवश्यकता महसूस की गई। इसी क्रम में मार्बल मार्केट की पुरानी फर्म ललित मार्बल के मालिक अशोक शुक्ला को अध्यक्ष बनाकर संगठन को मजबूत करने की पहल की गई है। उन्होंने बताया कि एक माह के भीतर संगठन की पूर्ण कमेटी की घोषणा की जाएगी।
नवमनोनीत अध्यक्ष अशोक शुक्ला ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर दक्षिण वरिष्ठ महामंत्री केके गुप्ता, प्रदेश युवा संगठन महामंत्री विनायक पोद्दार, टास्क फोर्स संयोजक पवन गौड़, प्रखर श्रीवास्तव, मोहम्मद ताहिर, आशुतोष दीक्षित, अभिषेक दीक्षित, विनोद शुक्ल, अभिषेक शुक्ला व चित्रांशु शुक्ला सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।
