घंटाघर चौराहे पर 150 फुट का ध्वजस्तंभ बना ‘ठूंठ’, तीन महीने से नहीं फहरा राष्ट्रीय ध्वज
कानपुर के व्यस्त घंटाघर चौराहे पर लगाया गया 150 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्तंभ पिछले करीब तीन महीनों से ज्यादा समय से बिना तिरंगे के खाली खड़ा है, जिससे लोगों में नाराजगी है। इस वर्ष 26 जनवरी के मौके पर भी यहां राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया, जबकि ठीक 2 साल पहले 26 जनवरी 2024 को मेयर प्रमिला पांडे ने स्वयं यहां झंडारोहण किया था। उस समय दावा किया गया था कि इस ऊंचे ध्वजस्तंभ पर फहराया जाने वाला तिरंगा शहर के कोने-कोने से दिखाई देगा और यह स्थान शहर की पहचान बनेगा। लेकिन मौजूदा स्थिति यह है कि खंभा तिरंगे के बिना सूना खड़ा है और दूर से तो छोड़िए, इसके नीचे से गुजरने वाले लोगों को भी यहां कोई ध्वज नजर नहीं आता। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने प्रमुख स्थान पर लगे ध्वजस्तंभ पर लंबे समय तक तिरंगा न फहराया जाना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है। अब लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द यहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए, ताकि यह स्थान अपनी मूल पहचान के अनुरूप दिखाई दे सके।
