*जिलाधिकारी ने तहसील घाटमपुर कार्यालय का किया निरीक्षण*

 

कानपुर नगर।

 

जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने शनिवार को तहसील घाटमपुर कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखागार, कानूनगो रजिस्ट्रार कार्यालय सहित विभिन्न कक्षों और पटलों का जायजा लिया तथा अभिलेखों के रख-रखाव और कार्यालयीन कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी रजिस्टर और अभिलेख अद्यतन रखे जाएं। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए नियमित निरीक्षण और अनुश्रवण बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *