
दिनांक 07-03-2026 को श्रीमती दीक्षा जैन, मुख्य विकास अधिकारी, कानपुर नगर द्वारा विकास खण्ड घाटमपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय श्री अशीष मिश्र, खण्ड विकास अधिकारी, श्री मुकेश यादव, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), श्री आनन्द शुक्ला, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा) एवं कार्यालय स्टाफ उपस्थित थे।
सर्वप्रथम विकास खंड में कार्यरत कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर श्री अखिलेश कुमार यादव सहायक विकास अधिकारी (आर0डी0) एवं श्री कपिल कुमार आर्य लेखाकार अवकाश पर पाए गए। विगत माह में किये गये निरीक्षण के समय भी श्री कपिल कुमार आर्य लेखाकार अनुपस्थित थे, जिसके कारण लेखा पटल से सम्बन्धित पत्रावलियों का निरीक्षण नहीं किया जा सका। खण्ड विकास अधिकारी घाटमपुर द्वारा जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में आहूत तहसील दिवस से अवगत होने के उपरांत भी अधिकारी/कर्मचारियों का अवकाश स्वीकृत किया जाना नितान्त आपत्तिजनक है। खण्ड विकास अधिकारी घाटमपुर को निर्देश दिये गये कि तहसील दिवस या उच्चाधिकारियों के निरीक्षण के दिवस में किसी भी कर्मचारी का अवकाश स्वीकृत न किया जाए। इस संबंध में खण्ड विकास अधिकारी घाटमपुर, कानपुर नगर को निर्देश दिए गए कि संबंधित लेखाकार द्वारा पूर्व में किये गये निरीक्षण एवं अनुपस्थिति की स्थिति में किसी अन्य कर्मचारी को अभिलेखादि उपलब्ध न कराये जाने के सम्बन्ध में स्पष्टीकरण निर्गत करें।
स्थापना पटल सम्बन्धी अलमारियों का निरीक्षण किया गया। स्थापना पटल सम्बन्धी अलमारी का निरीक्षण करने पर पाया गया कि अलमारी में रखी पत्रावलियों के चिन्हांकन हेतु कोई नेम पट्टिका चस्पा नहीं की गई है, एवं फाईलों में भी लेबलिंग का कार्य नहीं कराया गया है।
अधिकारी/कर्मचारियों कीजी0पी0एफ0 पासबुक व सेवा पुस्तिका का अवलोकन करने पर वह अद्यावधिक नहीं पाये गये। एक अलमारी में अभिलेख अस्त-व्यस्त पाये गये तथा उसमें मकडी का जाला लगा था, अभिलेखों का रख-रखाव ठीक से न करने तथा अभिलेखों को अद्यावधिक न किये जाने पर पटल सहायक श्री हरिस्वरूप सचान, प्रधान सहायक को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि निर्गत करने के निर्देश दिये गये।
शिकायत पंजिका का अवलोकन करने पर पाया गया कि शिकायत पटल सहायक द्वारा शिकायतकर्ता के मोबाईल नम्बर का अंकन ही नहीं किया गया, जिससे शिकायत का वास्तव में निस्तारण हुआ है अथवा नहीं इसकी समीक्षा नहीं की जा सकी। शिकायत पंजिका के सभी कालम नहीं भरे गये है, इससे स्पष्ट होता है कि शिकायत लिपिक द्वारा अपने पटल का कार्य रूचि से नहीं किया जा रहा है। पटल सहायक श्री विवेक कुमार, पटल सहायक को मध्यावधि प्रतिकूल प्रविष्टि निर्गत करने के निर्देश दिये गये। निर्देश दिये गये कि भविष्य में शिकायतकर्ता के मोबाईल नम्बर का अंकन अवश्य किया जाए तथा सभी कालमों में पूर्ण जानकारी अंकित की जाए।
मनरेगा की पत्रावलियों का अवलोकन करन पर कतिपय पत्रावलियां अपूर्ण पायी गयी, पत्रावली में कार्य पूर्णता के फोटोग्राफ नहीं थे, निर्देश दिये गये कि मनरेगा की पत्रावलियों में कार्य के पूर्व, कार्य के दौरान व कार्य पूर्ण होने के उपरान्त के फोटोग्राफ अवश्य रक्षित किये जायें। मनरेगा की पत्रावलियों में स्टीमेट, एम0बी0बुक आदि भी उपलब्ध होना चाहिए जो कि उपलब्ध नहीं पाया गया। निर्देश दिये गये कि मनरेगा की सभी पत्रावलियों को अद्यावधिक कराया जाए।
निरीक्षण के समय ई-आॅफिस के सम्बन्ध में पूछने पर खण्ड विकास अधिकारी घाटमपुर द्वारा अवगत कराया गया कि अभी तक विकास खण्ड घाटमपुर में ई-आॅफिस के द्वारा एक पत्रावली प्रेषित की गई है किन्तु अन्य कार्यालय स्टाॅफ को ई-आॅफिस का प्रशिक्षण प्राप्त न होने के कारण ई-आॅफिस में कार्य सम्पादित नहीं किया जा रहा है। इस सम्बन्ध में खण्ड विकास अधिकारी घाटमपुर को निर्देश दिये गये कि 01 सप्ताह में ई-आॅफिस का शीघ्र संचालन कराया जाना सुनिश्चित करें।
विकास खण्ड के सभाकार कक्ष का निरीक्षण किया गया जिसमें कुर्सियों की संख्या अत्यधिक कम पाई गई है। सभागार कक्ष में साउंड सिस्टम की भी व्यवस्था नहीं कराई गई है। सभागार कक्ष में नसेनी एवं बोरियां अव्यस्थित रूप से रखी पाई गई। खण्ड विकास अधिकारी घाटमपुर को निर्देश दिये गये कि क्षेत्र पंचायत से सभागार कक्ष में आवश्यक कार्य कराये जाये तथा विकास खण्ड प्रांगण में साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित करायी जाए।
