कानपुर
कानपुर आवासीय इलाके में स्क्रैप गोदाम में लगी भीषण आग, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद
कानपुर शहर के सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सतबरी इलाके में एक आवासीय कॉलोनी के बीचों-बीच चल रहे एक स्क्रैप गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें कई फीट ऊपर तक उठती देखी गईं, जिससे आसपास के निवासियों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई हैं। बताया जा रहा है कि यह गोदाम घनी आबादी वाले आवासीय इलाके के बीच अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता अभी तक नहीं चल सका है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। राहत कार्य जारी है। गनीमत यह रही कि किसी के हताहत होने की अभी तक कोई सूचना नहीं है।
