रोज़ा इफ्तार एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन
कानपुर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच कानपुर प्रांत की ओर से पवित्र माह रमज़ान एवं होली के पावन अवसर पर रोज़ा इफ्तार एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कानपुर प्रांत संयोजक अशफ़ाक सिद्दीकी एवं आफताब आलम उर्फ आफताब पठान (वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता, पुर्व प्रत्याशी, एम एल सी) के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों ने एक साथ रोज़ा इफ्तार किया तथा इसके पश्चात फूलों की होली खेलकर देश की गंगा-जमुनी तहज़ीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के मुख्य राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद अफजाल जी, इस्लाम अब्बास एवं रज़ा रिज़वी जी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मोहम्मद अफजाल जी ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, जहां विभिन्न धर्मों और संस्कृतियों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। रमज़ान का महीना आत्मसंयम, सेवा और इंसानियत का संदेश देता है, वहीं होली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश संयोजक डॉ. शौकत खान, सह संयोजक आलोक चतुर्वेदी क्षेत्रीय संयोजक मध्य अबरार महिला क्षेत्रीय संयोजक मध्य गौसिया खानम सलीम अहमद (प्रदेश उपाध्यक्ष,भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा) तथा प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य शरद पवार उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में भाईचारे और एकता को बढ़ाने का कार्य करते हैं तथा विभिन्न समुदायों के बीच आपसी समझ और सद्भाव को मजबूत बनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि भारत की संस्कृति “सर्व धर्म समभाव” और “वसुधैव कुटुंबकम” के सिद्धांत पर आधारित है। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच लगातार देशभर में ऐसे आयोजनों के माध्यम से सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। कानपुर में आयोजित यह कार्यक्रम भी उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
कार्यक्रम के आयोजकों में समी अंसारी, साबिहा खान, महताब आलम, कय्यूम, वासिफ, शौकत खान, चांद, नसीम आरिफ सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।इस अवसर पर मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के कानपुर प्रांत संयोजक अशफ़ाक सिद्दीकी ने कहा कि रमज़ान और होली दोनों ही पर्व हमें प्रेम, भाईचारा, त्याग और सेवा की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में आपसी सौहार्द और एकता को मजबूत करने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे।कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों द्वारा देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और राष्ट्र की उन्नति के लिए दुआ और शुभकामनाओं के साथ हुआ।
