सेंट्रल पर मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़, 30 लाख के गांजे के साथ शातिर धरा गया
…23 किलो गांजा बरामद
कानपुर। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत आरपीएफ, जीआरपी कानपुर सेंट्रल और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लगभग 22 किलो 940 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट कानपुर सेंट्रल के निरीक्षक एस.एन. पाटीदार और उप निरीक्षक हिमांशु शर्मा ने आरपीएफ स्टाफ के साथ जीआरपी कानपुर सेंट्रल के उप निरीक्षक सुनील कुमार व उनकी टीम तथा एनसीबी के निरीक्षक गोविंदलाल के साथ संयुक्त रूप से कानपुर सेंट्रल स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर कैंट साइड स्थित सरकुलेटिंग एरिया के वाहन स्टैंड के पास एक व्यक्ति दो बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में बैठा दिखाई दिया।
संयुक्त टीम ने जब उससे पूछताछ की तो वह घबराया हुआ नजर आया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम चंदन तिवारी निवासी सारण (बिहार) बताया। उसके दोनों बैगों की तलाशी लेने पर उनमें टेप से सील किए गए कुल 22 बंडल मिले। जब बंडलों को खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा पाया गया। सभी बंडलों का वजन करने पर कुल 22 किलो 940 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
इसके बाद आरोपी को जीआरपी थाना कानपुर सेंट्रल लाया गया, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के न्यू कूचबिहार से सस्ते दामों में चोरी-छिपे गांजा खरीदकर ट्रेन संख्या 12505 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस से कानपुर लाया था, जहां उसे महंगे दामों पर बेचने की योजना थी।
