एक्सीडेंट अपडेट
कानपुर: इटावा हाईवे पर तेज रफ्तार बस डंपर में घुसी, 15 तीर्थयात्री घायल
कानपुर, 14 मार्च 2026: कानपुर-इटावा हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहाँ तेज रफ्तार टूरिस्ट बस सड़क किनारे खड़े एक डंपर में जा घुसी। हादसे में बस में सवार 15 तीर्थयात्री घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह पूरा हादसा इस्पात नगर के सामने पुल के ऊपर हुआ। बस में कुल 57 तीर्थयात्री सवार थे, जो महाराष्ट्र के नासिक से चलकर अयोध्या होते हुए नेपाल जा रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पनकी थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गया और राहत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत कानपुर के कल्याणपुर सीएचसी पहुंचाया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
पनकी थाना प्रभारी मनोज सिंह के अनुसार हादसा सुबह भोर के समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाईवे पर खड़े डंपर को देखते हुए बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सीधे डंपर में जा घुसी। उन्होंने बताया कि सूचना पर पनकी सहित आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था।
गंभीर रूप से घायल यात्रियों के परिवारीजनों को फोन के माध्यम से हादसे की सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी लोग तीर्थयात्री थे और दर्शन करने के लिए नेपाल जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
