परीक्षा की पहली पाली के बाद सेंट्रल पर उमड़ी परीक्षार्थियों की भारी भीड़

कानपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा की पहली पाली समाप्त होने के बाद शुक्रवार को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परीक्षा केंद्रों से निकलकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी स्टेशन पहुंचे, जिसके चलते प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया से लेकर ट्रेनों के कोच तक हर जगह अभ्यर्थियों की भीड़ नजर आई। कई जगह नजारा ऐसा था कि स्थिति ऐसी हो गई कि प्लेटफॉर्म पर खड़े होने तक की जगह नहीं थी, धक्का मुक्की की स्थिति थी, ट्रेनों में चढ़ने के लिए परीक्षार्थियों को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी।

दरअसल उत्तर प्रदेश पुलिस की उप निरीक्षक (यूपीएसआई) भर्ती परीक्षा दो पालियों में आयोजित की गई। पहली पाली के समाप्त होते ही प्रयागराज, लखनऊ, झांसी, आगरा और अन्य शहरों से परीक्षा देने आए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने-अपने गंतव्य की ओर लौटने के लिए सेंट्रल स्टेशन पहुंचे। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जैसे ही कोई ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंचती, बड़ी संख्या में अभ्यर्थी उसमें सवार होने के लिए एक साथ आगे बढ़ जाते, जिससे भीड़ को नियंत्रित करना चुनौतीपूर्ण नज़र आ रहा था।

भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीआरपी, आरपीएफ तथा रेलवे के वाणिज्य विभाग के कर्मचारी लगातार प्लेटफॉर्म पर मुस्तैद रहे। सुरक्षा बलों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार घोषणाएं कर अभ्यर्थियों से शांति बनाए रखने और क्रमबद्ध तरीके से ट्रेनों में चढ़ने की अपील की। पुलिस और रेलवे कर्मियों ने मिलकर भीड़ को नियंत्रित किया और बारी-बारी से परीक्षार्थियों को कोचों में बैठाया, जिससे किसी तरह की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति न उत्पन्न हो।

रेलवे प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छह जोड़ी विशेष स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है, ताकि अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो। इसके बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ स्टेशन पहुंचने के कारण कुछ समय के लिए भीड़ का दबाव अधिक देखने को मिला।

आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त विवेक वर्मा ने बताया कि परीक्षार्थियों की भारी भीड़ को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को विशेष रूप से तैनात किया गया है। स्टेशन पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है तथा यात्रियों और अभ्यर्थियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेनों में चढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *