सेंट्रल स्टेशन पर लिफ्ट में फंसे 18 यात्री, दरवाजे तोड़कर निकाले गए बाहर
…आरपीएफ की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
कानपुर। सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब प्लेटफार्म नंबर दो और तीन के बीच बनी लिफ्ट अचानक खराब हो जाने से करीब 18 यात्री उसके अंदर फंस गए। अचानक लिफ्ट बंद हो जाने से अंदर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और वे मदद के लिए आवाज लगाने लगे। कुछ ही देर में प्लेटफार्म पर मौजूद लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद तुरंत रेलवे प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों को सूचित किया गया।
१सूचना मिलते ही प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर तैनात आरपीएफ के सिपाही तुरंत मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान लिफ्ट के अंदर फंसे यात्री काफी घबराए हुए थे और बाहर निकलने के लिए पुकार लगा रहे थे। आरपीएफ कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए खानपान स्टॉल संचालकों और तकनीकी कर्मचारियों की मदद से लिफ्ट को खोलने का प्रयास शुरू किया। कुछ समय की मशक्कत के बाद लिफ्ट टीका दरवाजा खोला गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
यात्रियों के बाहर निकलते ही वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। लिफ्ट से बाहर आने के बाद यात्रियों ने आरपीएफ कर्मियों और तकनीकी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि समय रहते मदद मिल जाने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। यदि थोड़ी भी देर होती तो अंदर फंसे यात्रियों की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती थी।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में लिफ्ट से यात्रियों को बाहर निकलते और सुरक्षा कर्मियों की मदद करते हुए देखा जा सकता है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि लिफ्ट के अचानक खराब होने के कारणों की जांच की जा रही है और तकनीकी टीम को इसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
