नशे में धुत चालक की रफ्तार का कहर: एआरटीओ के घर में घुसी स्कॉर्पियो, गार्ड बाल-बाल बचा, CCTV वायरल
कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित विकास नगर में तेज रफ्तार और लापरवाही का खतरनाक नमूना सामने आया है। शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब 1:55 से 2 बजे के बीच नशे में धुत चालक अपने तीन साथियों के साथ विकास नगर की सड़क पर फर्राटा भरते हुए बेकाबू सफेद स्कॉर्पियो-एन अचानक अनियंत्रित होकर सीधे एआरटीओ राजेश राजपूत के घर के गेट में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गेट के परखच्चे उड़ गए, जबकि गेट के पास ड्यूटी पर मौजूद प्राइवेट सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया।
घटना की सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से नशे की हालत में चालक को हिरासत में लेने का मामला सामने आया
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार वाहन अचानक लहराते हुए आया और सीधे घर के गेट से टकरा गया। अगर गार्ड एक कदम भी आगे होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। टक्कर की आवाज से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि UP 92 AR 1112 नंबर की स्कॉर्पियो-एन जालौन जिले में पंजीकृत है और यह पुष्पा देवी के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार वाहन का पहले भी चालान हो चुका है, जिससे चालक की लापरवाही और नियमों की अनदेखी का अंदाजा लगाया जा रहा है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खोकर गेट में घुस जाती है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इस लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस समय सड़क पर कोई राहगीर होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने ऐसे लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल घटना को लेकर रावतपुर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन पर कार्यवाही होने की बात सामने आई वहीं इस घटना ने एक बार फिर शहर में नशे में वाहन चलाने और तेज रफ्तार के खतरनाक खेल को उजागर कर दिया है।
