गोविंदपुरी से होकर चलेगी रांची स्पेशल ट्रेन
कानपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने रांची से आनंद विहार टर्मिनल(दिल्ली ) के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन गोविंदपुरी स्टेशन पर भी ठहरेगी।
रेलवे द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 02887/02888 रांची–आनंद विहार टर्मिनल–रांची विशेष ट्रेन का संचालन एक फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन 25 मार्च 2026 (बुधवार) को रांची से शाम 4:25 बजे प्रस्थान करेगी और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए अगले दिन सुबह 8:40 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद सुबह 8:45 बजे प्रस्थान कर शाम 6:00 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 02888 आनंद विहार टर्मिनल–रांची विशेष ट्रेन 26 मार्च 2026 (गुरुवार) को आनंद विहार टर्मिनल से शाम 7:30 बजे रवाना होगी और मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर ठहरते हुए रात 2:30 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी तथा पांच मिनट के ठहराव के बाद आगे के लिए प्रस्थान करेगी।
यह विशेष ट्रेन रांची, मेसरा, बरकाकाना, खलारी, टोरी, लातेहार, डाल्टनगंज, गढ़वा रोड जंक्शन, नगर उंतारी, रेनूकूट, चोपन, सोनभद्र, चुनार, मिर्जापुर, सूबेदारगंज, टूंडला जंक्शन और गाजियाबाद होते हुए आनंद विहार टर्मिनल तक संचालित होगी।
रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी के 2, स्लीपर के 16, एसी तृतीय श्रेणी का 1, एसी द्वितीय श्रेणी का 1 तथा एसएलआरडी के 2 कोच सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।
