रथयात्रा में ध्वनि प्रदूषण को लेकर हाईकोर्ट के आदेश का हवाला, पुलिस आयुक्त को ज्ञापन

 

कानपुर श्री जगन्नाथ जी रथयात्रा प्रबन्धक समिति ने आगामी रथयात्रा महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर पुलिस आयुक्त कानपुर नगर को ज्ञापन सौंपकर पिछले वर्ष हुई व्यवस्था में सुधार की मांग की है। इस दौरान समिति ने इस मामले में माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद द्वारा पारित आदेश की प्रति भी पुलिस आयुक्त को सौंपी।

 

गुरुवार को पनकी मंदिर के महंत एवं सर्वराकार श्री श्री 108 महामण्डेश्वर बाबा जितेन्द्र दास जी महाराज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा। समिति का कहना था कि वर्ष 2025 में आयोजित पारम्परिक रथयात्रा महोत्सव के दौरान स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा केवल दो साउंड स्पीकर की अनुमति दिए जाने से आयोजन में गतिरोध उत्पन्न हुआ था और परम्परागत रथयात्रा में व्यवधान पैदा हुआ था।

 

इसी समस्या के समाधान के लिए समिति द्वारा माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद में एक सिविल रिट (याचिका संख्या – 5073/2026, Utkarsh Agnihotri Vs STATE OF UP AND 7 OTHERS) दायर की गई थी। याचिका पर सुनवाई के उपरांत न्यायालय ने ध्वनि प्रदूषण के मानकों को लेकर ‘Church Of God (Full Gospel) in India Vs K.K.R. Majestic Colony Welfare Association and others’ वाले ऐतिहासिक मामले में दिनांक 30/08/2000 को दिए गए निर्णय की विधिक व्यवस्था का हवाला दिया है। न्यायालय ने यह भी निर्देश दिया है कि आगामी आयोजनों की अनुमति के सम्बन्ध में यह आदेश सभी पक्षकारों को उपलब्ध कराया जाए। समिति ने पुलिस आयुक्त को अवगत कराया कि इस वर्ष रथयात्रा महोत्सव का आयोजन 16 एवं 17 जुलाई 2026 को प्रस्तावित है। उन्होंने अनुरोध किया कि हाईकोर्ट के आदेश का अनुपालन करते हुए इस बार ऐसी कोई स्थिति न बने, जिससे इस धार्मिक एवं पारम्परिक आयोजन में कोई अवरोध उत्पन्न ना होने पाए ।

 

समिति के अध्यक्ष श्री प्रदीप गुप्ता एवं महामंत्री श्री विवेक अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस आयुक्त ने उनके आश्वासन पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए रथयात्रा के आयोजन में हरसंभव सहयोग किया जाएगा, जिससे यह पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सके।

 

इस अवसर पर मन्दिर सर्वराकार श्री श्री 108 महामण्डेश्वर महन्त बाबा कृष्णदास जी महाराज सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *