गंगा को प्रदूषण मुक्त करना कानपुर के विकास के लिए जरूरी

….. कानपुर दिवस समारोह

कानपुर। शहर के विकास और उसकी ऊर्जा को बढ़ाने के लिए गंगा को प्रदूषण मुक्त करना अत्यंत आवश्यक है। यदि गंगा स्वच्छ और अपने प्राकृतिक प्रवाह के अनुरूप रहे तो कानपुर में पर्यटन और विकास की अपार संभावनाएं साकार हो सकती हैं। यह बात प्रसिद्ध वास्तुविद् विमल झाझरिया ने कही। वह मंगलवार को मर्चेन्ट्स चैम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश और कानपुर पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कानपुर दिवस समारोह में ‘कानपुर का विकास वास्तुशास्त्र एवं ज्योतिष की दृष्टि में’ विषय पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में आए अतिथियों का स्वागत स्वागताध्यक्ष तिलकराज शर्मा और नरेश महेश्वरी ने किया। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कानपुर पंचायत के संयोजक धर्म प्रकाश गुप्त ने बताया कि कानपुर, बिठूर, मूसानगर और जाजमऊ के त्रिकोण में बसा क्षेत्र प्राचीन काल से ही आध्यात्मिक, पौराणिक और औद्योगिक महत्व का केंद्र रहा है। उन्होंने बताया कि 24 मार्च 1803 को इसे विधिवत जिले के रूप में स्थापित किया गया था, जिसका उल्लेख फोर्ट विलियम कलकत्ता की आधिकारिक कार्यवाही में दर्ज है। उन्होंने कहा कि कानपुर पंचायत द्वारा शहर के इतिहास, साहित्य, पर्यटन, संस्कृति और विकास से जुड़े विषयों पर निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, जिनमें मर्चेन्ट्स चैम्बर ऑफ उत्तर प्रदेश सहित कई संस्थाओं और शहर के गणमान्य लोगों का सहयोग मिलता रहा है।

गोष्ठी में विमल झाझरिया ने कहा कि कानपुर के उत्तर-पूर्व में गंगा का प्रवाह शहर की सकारात्मक ऊर्जा का प्रमुख स्रोत था, लेकिन समय के साथ गंगा का प्रवाह घाटों से दूर होता गया और उसमें शहर की गंदगी डाले जाने से क्षेत्र का वास्तु प्रभावित हुआ, जिससे विकास भी बाधित हुआ। उन्होंने नागरिकों से गंगा को स्वच्छ रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।

इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य शिवांग मिश्रा ने कानपुर की कुंडली के आधार पर बताया कि वर्तमान ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति के अनुसार शहर का विकास दक्षिण-पूर्व दिशा में संभावित है। उन्होंने कहा कि कुंडली में शनि और बृहस्पति के वक्री होने के कारण योजनाएं तो बनती हैं, लेकिन उनका क्रियान्वयन बाधित हो जाता है। इसका व्यावहारिक समाधान यही है कि योजनाओं को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से लागू किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान कानपुर के प्रमुख पौराणिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों पर आधारित वृत्तचित्र के अंश भी प्रदर्शित किए गए। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया। इनमें न्यूरो चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. नवनीत कुमार, महिला क्रिकेट में अर्चना देवी, रक्षा उत्पाद क्षेत्र में एमकेयू के मनोज गुप्ता, औद्योगिक क्षेत्र में महिला उद्यमी सुचेता वाही और नाट्य कला के क्षेत्र में संगीत नाटक अकादमी से सम्मानित डॉ. ओमेन्द्र शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन धर्म प्रकाश गुप्त ने किया, जबकि अंत में गोल्डी समूह के सुदीप गोयनका ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *