चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, सेंट्रल व गोविंदपुरी में ठहराव
कानपुर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने कई विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन विशेष ट्रेनों को कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी स्टेशन पर ठहराव दिया गया है।
रेलवे के अनुसार कानपुर सेंट्रल से कोलकाता के बीच साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 04153 प्रत्येक गुरुवार को कानपुर सेंट्रल से दोपहर 1 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों होते हुए शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04154 कोलकाता से प्रत्येक शुक्रवार को चलकर शनिवार सुबह 7:10 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन 2 अप्रैल से 25 जून तक कुल 13 फेरे लगाएगी। ट्रेन में सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी सहित कुल 19 कोच लगाए जाएंगे।
इसके अलावा आजमगढ़ से बांद्रा टर्मिनस के बीच भी सुपरफास्ट विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन गोविंदपुरी स्टेशन पर भी ठहरेगी, जिससे कानपुर के यात्रियों को मुंबई जाने में सुविधा मिलेगी। ट्रेन संख्या 05183 आजमगढ़ से प्रत्येक शनिवार को रात 11:15 बजे चलकर रविवार सुबह 8:10 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी और सोमवार सुबह बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 05184 बांद्रा टर्मिनस से प्रत्येक सोमवार को चलकर मंगलवार को आजमगढ़ पहुंचेगी। यह ट्रेन 4 अप्रैल से 11 जुलाई तक कुल 15 फेरे लगाएगी।
इसी क्रम में गोमती नगर से बांद्रा टर्मिनस के बीच भी विशेष ट्रेन चलाई जाएगी, जो कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर ठहराव करेगी। ट्रेन संख्या 05033 प्रत्येक सोमवार को गोमती नगर से दोपहर 2 बजे चलकर शाम 5:45 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी और अगले दिन बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05034 प्रत्येक मंगलवार को बांद्रा टर्मिनस से चलकर बुधवार को गोमती नगर पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसी और स्लीपर सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे।
इसके साथ ही मऊ से वलसाड के बीच भी विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर भी रुकेगी। ट्रेन संख्या 05017 प्रत्येक शनिवार को मऊ से चलकर दोपहर 2:05 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी और रविवार को वलसाड पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 05018 वलसाड से प्रत्येक रविवार को चलकर मंगलवार को मऊ पहुंचेगी।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले ट्रेन की समय सारिणी और आरक्षण की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।
