6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा, हर कार्यकर्ता घर-घर फहराएगा भाजपा का झंडा- प्रकाश पाल

 

 

कानपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित क्षेत्रीय मॉनिटरिंग टोली की नियमित बैठक में कहा कि आगामी 6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस पूरे क्षेत्र में बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए संगठन के प्रति समर्पण और सेवा का संकल्प दिवस है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्तमान में चल रहे मंडल प्रशिक्षण वर्गों में प्रशिक्षण टोली की पूर्ण जिम्मेदारी होगी कि शेष बचे मंडलों में कार्यकर्ताओं का रात्रि प्रवास अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए। इससे कार्यकर्ताओं में संगठनात्मक मजबूती और संवाद बढ़ेगा।

इसके साथ ही जिन मंडलों में 28-29 मार्च को प्रशिक्षण वर्ग निर्धारित हैं, उन मंडलों में 29 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को प्रशिक्षण सत्र के दौरान सामूहिक रूप से सुना जाएगा, ताकि कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा ले सकें।

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने निर्देश देते हुए कहा कि 6 अप्रैल स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर सभी भाजपा कार्यालयों को बिजली की झालरों एवं फूलों से सजाया जाए। स्थापना दिवस के दिन सभी जिला कार्यालयों, मंडलों एवं बूथों पर कार्यक्रम आयोजित कर स्थापना दिवस को भव्य रूप से मनाया जाए।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने घर पर भाजपा का झंडा लगाए और परिवार के साथ स्थापना दिवस मनाकर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित करे।

प्रकाश पाल ने बताया कि सभी 17 जिलों में इस कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु 3 प्रमुख पदाधिकारियों को संयोजक एवं सह-संयोजक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता, पवन प्रताप सिंह, रीता शास्त्री, मोहित सोनकर, हर्ष द्विवेदी, पवन पांडे, आलोक शुक्ला, सचिन गौड़, अर्शी सुल्तान, सौरभ कमल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *