सेंट्रल व गोविंदपुरी से गुजरने वाली विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़े

कानपुर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने कानपुर सेंट्रल और गोविंदपुरी से होकर गुजरने वाली कई विशेष ट्रेनों के फेरों में वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इससे कानपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को मुंबई, उधना और दिल्ली की ओर यात्रा करने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 04155/04156 सूबेदारगंज–उधना विशेष ट्रेन के अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे। यह ट्रेन सूबेदारगंज से प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को 2 अप्रैल 2026 से 13 जुलाई 2026 तक तथा उधना से प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को 3 अप्रैल 2026 से 14 जुलाई 2026 तक कुल 30-30 फेरों के लिए चलाई जाएगी।

इसी क्रम में गाड़ी संख्या 04151/04152 कानपुर सेंट्रल–लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट साप्ताहिक विशेष ट्रेन के भी फेरे बढ़ाए गए हैं। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से प्रत्येक शुक्रवार को 3 अप्रैल से 10 जुलाई 2026 तक तथा लोकमान्य तिलक टर्मिनल से प्रत्येक शनिवार को 4 अप्रैल से 11 जुलाई 2026 तक संचालित होगी। ट्रेन में एसएलआरडी के दो, सामान्य श्रेणी के आठ, स्लीपर के नौ, एसी तृतीय श्रेणी के चार और एसी द्वितीय श्रेणी का एक कोच सहित कुल 24 डिब्बे लगाए जाएंगे। यह ट्रेन फतेहपुर, सिराथू, भरवारी, प्रयागराज जंक्शन, धभौरा, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी और भुसावल स्टेशनों पर ठहराव करते हुए लोकमान्य तिलक टर्मिनल पहुंचेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 02275/02276 सूबेदारगंज–शकूरबस्ती साप्ताहिक विशेष ट्रेन के भी अतिरिक्त फेरे चलाए जाएंगे। यह ट्रेन सूबेदारगंज से प्रत्येक रविवार और मंगलवार को 5 अप्रैल से 28 अप्रैल 2026 तक तथा शकूरबस्ती से प्रत्येक सोमवार और बुधवार को 6 अप्रैल से 29 अप्रैल 2026 तक संचालित होगी। यह ट्रेन फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, अलीगढ़, गाजियाबाद और दिल्ली होते हुए शकूरबस्ती तक जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *