सेंट्रल के पास मेगा ब्लॉक, कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव व आंशिक निरस्तीकरण
कानपुर। कानपुर सेंट्रल और कानपुर पुल बाएं किनारे के बीच स्थित ब्रिज संख्या 110 पर इंजीनियरिंग कार्य के लिए रेलवे प्रशासन द्वारा मेगा ट्रैफिक और पावर ब्लॉक दिए जाने के कारण कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। इसके तहत कुछ ट्रेनों का आंशिक निरस्तीकरण किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार 2 अप्रैल से 14 मई 2026 तक चलने वाली 55345 लखनऊ जंक्शन–कासगंज सवारी गाड़ी अब लखनऊ जंक्शन के स्थान पर कानपुर अनवरगंज से चलाई जाएगी। इस अवधि में यह ट्रेन लखनऊ जंक्शन और कानपुर अनवरगंज के बीच निरस्त रहेगी। वहीं कासगंज से 1 अप्रैल से 13 मई 2026 तक चलने वाली 55346 कासगंज–लखनऊ जंक्शन सवारी गाड़ी लखनऊ जंक्शन के स्थान पर कानपुर अनवरगंज में ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी। इस दौरान यह ट्रेन कानपुर अनवरगंज से लखनऊ जंक्शन के बीच निरस्त रहेगी।
इसके अलावा 2 अप्रैल से 13 मई 2026 तक आगरा फोर्ट से चलने वाली 12180 आगरा फोर्ट–लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। यह ट्रेन मथुरा जंक्शन, कासगंज और शाहजहांपुर के रास्ते चलाई जाएगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन यमुना ब्रिज, टूंडला, फिरोजाबाद, शिकोहाबाद, इटावा, भरथना, फफूंद, झींझक, रुरा, पनकी धाम, कानपुर सेंट्रल और उन्नाव स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
हालांकि 2 अप्रैल से 13 मई 2026 तक चलने वाली 12179 लखनऊ जंक्शन–आगरा फोर्ट एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग से ही संचालित होती रहेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
