दादा नगर में केस्को जेई की दबंगई, बिल जमा होने के बाद भी काटा कनेक्शन
कानपुर। औद्योगिक क्षेत्र दादा नगर स्थित उद्योग कुंज में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब केस्को के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) ने बिजली का बिल जमा होने के बावजूद एक फैक्ट्री का कनेक्शन काट दिया। इस कार्रवाई से नाराज उद्यमियों और फैक्ट्री कर्मचारियों ने पनकी साइट-5 सबस्टेशन पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
जानकारी के मुताबिक, उद्यमी बिशन लाल शिवहरे की फैक्ट्री का बिजली बिल पहले ही जमा किया जा चुका था। इसके बावजूद केस्को के जेई संदीप कुमार सिंह द्वारा बिजली कनेक्शन कटवा दिया गया। अचानक बिजली आपूर्ति ठप होने से फैक्ट्री का कामकाज प्रभावित हो गया, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया।
गुस्साए कर्मचारियों और उद्यमियों ने पनकी साइट-5 सबस्टेशन पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया और केस्को अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब कई घंटों तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा।
उद्यमियों ने केस्को के निदेशक राकेश वार्ष्णेय से शिकायत की, जिसके बाद उन्होंने मामले में हस्तक्षेप किया। हस्तक्षेप के बाद फैक्ट्री का बिजली कनेक्शन दोबारा जोड़ दिया गया।
वहीं, केस्को निदेशक राकेश वार्ष्णेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही एक्सईएन कलेक्शन अखिलेश कुमार को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र के उद्यमियों में केस्को की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी बनी हुई है। उनका कहना है कि बिना जांच और पूर्व सूचना के इस तरह की कार्रवाई से उद्योगों का काम प्रभावित होता है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
