कानपुर के होनहार दिव्यांग क्रिकेटर का वाडेकर ट्रॉफी की
सेंट्रल ज़ोन टीम में चयन
क्रिकेट के प्रति अटूट जुनून और कठिन संघर्ष की मिसाल पेश करते हुए कानपुर दिव्यांग स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन के दिव्यांग क्रिकेटर तनवीर अहमद ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हौसले के आगे शारीरिक अक्षमता भी कुछ भी नहीं है । तनवीर का चयन प्रतिष्ठित इंटर जोनल टूर्नामेंट ’’वाडेकर ट्रॉफी’ के लिए सेंट्रल ज़ोन की टीम मे हरफनमौला खिलाड़ी के रूप मे हुआ है । यह प्रतियोगिता 1 से 4 अप्रैल 2026 तक मुंबई में आयोजित होगी ।
कानपुर दिव्यांग स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल यादव ने बताया कि तनवीर 1995 में उत्तर प्रदेश अंडर-16 टीम में दिग्गज क्रिकेटर मोहम्मद कैफ के साथ खेल चुके हैं । तनवीर 2001 में क्रिकेट मैच खेलकर आते हुए एक भीषण दुर्घटना का शिकार हो गए थे । शारीरिक चुनौती के साथ – साथ आर्थिक तंगी से जूझते हुए उन्होंने वर्षों संघर्ष किया और दिव्यांग स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन कानपुर से जुड़कर दोबारा मैदान पर वापसी की । तनवीर के परिवार मे हर्ष का माहौल है । ज्ञातव्य है कि तनवीर के बेटे आतिफ और आरिज भी पिता की राह पर चलते हुए क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे हैं।
उनके चयन पर कानपुर दिव्यांग स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल यादव ने उनके जाजमऊ स्थित आवास पर जा कर बधाई और शुभकामनाएं दीं । इस अवसर पर समाजसेवी श्री अनूप कुमार शुक्ल , उपाध्यक्ष सत्यार्थ विक्रम , चारु सोनकर , महासचिव कृष्ण बाली उपस्थित रहे ।
विश्वविजेता भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य कुलदीप यादव के कोच श्री कपिलदेव पांडे ने भी तनवीर अहमद की लगन की प्रशंसा की और आगामी वाडेकर ट्रॉफी के लिए शुभकामनायें प्रेषित की ।
(विमल यादव )
अध्यक्ष
दिव्यांग स्पोर्ट्स डेवलपमेंट एसोसिएशन कानपुर
