शव दाह गृह में नष्ट किए पांच लाख से अधिक के मादक पदार्थ
…. जीआरपी ने 14 किलो 560 ग्राम मादक पदार्थ किए नष्ट
….न्यायालय के आदेश पर हुई प्रक्रिया
कानपुर। रेलवे पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने विभिन्न मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया। ऑपरेशन दहन के अंतर्गत सोमवार को मा० न्यायालय के आदेश पर कुल 86 अभियोगों से संबंधित 14 किलो 560 ग्राम मादक पदार्थ को नष्ट किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक जीआरपी कानपुर सेंट्रल ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
जानकारी के अनुसार एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत वर्ष 2007 से वर्ष 2021 तक के 86 मामलों में जब्त मादक पदार्थों के संबंध में कोई अपील, विचारण या रिवीजन लंबित नहीं था। इसके चलते एडीजे-21 एवं स्पेशल जज एनडीपीएस एक्ट, कानपुर नगर के आदेश के अनुपालन में नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (जब्ती, भंडारण, नमूनाकरण और निपटान) नियम 2022 के तहत इन पदार्थों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की गई।
भैरो घाट स्थित विद्युत शवदाह गृह में गठित टीम की मौजूदगी में मादक पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण किया गया। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त अपराध एवं ड्रग डिस्पोजल कमेटी की सदस्य अंजली विश्वकर्मा, प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह, उपनिरीक्षक शिव बाबू यादव, मालखाना मोहर्रिर शिव प्रताप सिंह सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
