परिवीक्षाधीन रेल अधिकारियों ने पनकी स्थित निजी माल टर्मिनल का किया शैक्षिक भ्रमण

कानपुर। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान, लखनऊ के तत्वावधान में यातायात सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों के लिए बुधवार को पनकी स्थित प्रिस्टीन निजी माल टर्मिनल का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान अधिकारियों को माल ढुलाई से जुड़ी आधुनिक व्यवस्थाओं, टर्मिनल के संचालन और प्रबंधन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत आईआरएमएस वर्ष 2022 और 2023 बैच के परिवीक्षाधीन अधिकारियों को निजी माल टर्मिनल की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। अधिकारियों को बताया गया कि किस प्रकार निजी भागीदारी के माध्यम से माल परिवहन को अधिक कुशल, तेज और व्यवस्थित बनाया जा रहा है। साथ ही उन्हें लॉजिस्टिक्स प्रबंधन और रेलवे में माल ढुलाई की नई तकनीकों के बारे में भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर अधिकारियों ने टर्मिनल पर कार्यरत रेलवे और टर्मिनल प्रबंधन से संवाद भी किया तथा माल परिवहन के दौरान आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों और उनके समाधान के बारे में समझ प्राप्त की। प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य परिवीक्षाधीन अधिकारियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कार्यप्रणाली की जानकारी देना है, ताकि वे भविष्य में यात्री और माल परिवहन व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित कर सकें।

भ्रमण के दौरान रेलवे की ओर से वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और अधिकारियों को विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम भावी रेल अधिकारियों को व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *