कुत्ता भौंकने के विवाद मे दो पक्षों में चले लाठी डण्डे
:-साढ़ पुलिस की एक बार फिर नाकामयबी आयी सामने…..
:-साढ़ थाना क्षेत्र के खदरी गांव में बुधवार देर शाम घटना…..
लोक भारती न्यूज ब्यूरो
भीतरगांव। साढ़ थाना क्षेत्र के खदरी गांव में बुधवार देर रात घर की चौखट में भैंस आने पर भौंक रहे कुत्ते को ईंट और डंडा मार कर घायल कर देने के बाद दो पक्षों में पत्थर और लाठी डंडे चल गए। घटना में दोनों पक्षों से लगभग दस लोग घायल हुए हैं। घायलों को भीतरगांव सीएचसी में इलाज के लिये भर्ती किया गया है। जहां से छ: की हालत नाजुक देख उर्सला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार खदरी गांव निवासी सूरजदीन ने बताया उनके घर में आठ माह का पालतू कुत्ता है। बुधवार देर शाम भूरा पासी की भैंस उनके घर की चौखट पर आ गई जिसे देख कर कुत्ता भौंकने लगा। भौंकने पर भूरा ने कुत्ते के ऊपर ईट और डंडे से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष से भूरा पासी ने बताया कुत्ता छोटे बच्चों के ऊपर भौंक कर काटने को दौङता है। घरों के सामने गंदगी करता रहता है। शिकायत करने पर गाली गलौज कर मार पीट करने लगे।
घायलों में एक पक्ष से सूरजदीन (60), नन्हकी (55), महेंद्र (36), रामवीर (32) व करन (24) हैं जबकि दूसरे पक्ष से रमेश पासी (50), लवकुश (45), भूरा (60), राजू (35), सुनीता (40) घायल हैं। जिनमें दोनों पक्षों से आधा दर्जन घायलों को जिला अस्पताल उर्सला रेफर किया गया है। साढ़ प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया घायलों का इलाज भीतरगांव सीएचसी में कराया गया है। दोनो पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर जांच करते हुए अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
