कानपुर; दिनांकः 02.04.2026

नौबस्ता तक ’डाउनलाइन’ पर थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा

 

डाउनलाइन‘ पर थर्ड रेल को किया गया चार्ज; ‘अप-लाइन‘ के बाद अब ‘डाउनलाइन‘ पर भी टेस्ट रन प्रक्रिया की शीघ्र होगी शुरूआत

 

कानपुर मेट्रो द्वारा कॉरिडोर-1 के शेष सेक्शन (कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता) के ‘डाउनलाइन’ पर मेट्रो ट्रेनों के संचालन के लिए शीघ्र ही टेस्ट रन प्रक्रिया की शुरुआत की जाएगी। इसके लिए उक्त सेक्शन के ‘डाउनलाइन‘ पर ट्रैक निर्माण के बाद अब थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। ‘डाउनलाइन’ पर थर्ड रेल इंस्टॉलेशन के बाद आज इसे पहली बार चार्ज (ऊर्जीकृत) किया गया। इसके बाद इस सिस्टम में करंट सप्लाई को निरंतर चालू माना जाएगा।

 

थर्ड रेल प्रणाली की विशेषता

कानपुर मेट्रो की ट्रेनें 750 वोल्ट डीसी थर्ड रेल से चलती हैं। थर्ड रेल इन्स्टॉल करने का कार्य ट्रैक निर्माण के साथ-साथ ही किया जा रहा था। इस प्रणाली में पारंपरिक तौर पर प्रयोग होने वाली ओएचई (ओवर हेड इक्युपमेंट) प्रणाली की जगह पर ट्रैक के समानांतर बिछी हुई थर्ड रेल का प्रयोग किया जाता है। इस सिस्टम का मेंटेनेंस कम होता है क्योंकि ट्रैक के समानांतर बिछे होने के कारण इसमें पतंगबाजी आदि कारणों से बिजली की सप्लाई ट्रिप या बाधित होने की आशंका नहीं होती। साथ ही साथ इस प्रणाली की वजह से बिजली के तारों का कोई सेटअप बाहरी तौर पर दिखाई नहीं देता, जिससे शहर के इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुंदर बनाए रखने में मदद मिलती है।

 

डाउनलाइन‘ पर जल्द आरंभ होगी टेस्ट रन की प्रक्रिया

विदित हो कि तीसरे चरण में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवाओं के विस्तार से पूर्व मेट्रो ट्रेनों की टेस्ट रन प्रक्रिया फरवरी माह में ‘अप-लाइन‘ पर आरंभ हो चुकी है। अब जल्द ही ‘डाउनलाइन’ पर भी इस प्रक्रिया की शुरूआत की जाएगी। टेस्ट रन के दौरान मेट्रो ट्रेन को ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन (एटीपी) मोड में कम गति पर चलाकर ट्रैक, पावर सप्लाई, सिग्नलिंग आदि विभिन्न तकनीकी इंटरफेसों की कार्यक्षमता को परखा जाता है।

 

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा, “कानपुर मेट्रो ने निर्माण के दौरान विभिन्न चुनौतियों को पार करते हुए शहर के इतिहास में एक उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। टेस्ट रन शुरू होने के साथ ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवा विस्तार की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। शीघ्र ही सभी स्टेशनों पर फिनिशिंग और सिस्टम इंस्टॉलेशन संबंधी अंतिम शेष कार्य पूरे कर लिए जाएंगे और शहरवासियों को आईआईटी से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा की सौगात मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *