–चालान के बाद जिलाध्यक्ष से मारपीट, थाने में बवाल

 

*एसआई पर पिटाई का आरोप, विधायक संग समर्थकों ने घेरा थाना*

 

– मंत्री की नाराजगी के बाद छोड़ा, एसआई को लाइन हाजिर करने की मांग

– विधायक के सामने पुलिस पर कई गंभीर आरोप, कोतवाल बैकफुट पर

 

 

बिल्हौर (कानपुर)। ककवन रोड पर वाहन का चालान काटने के बाद थाने में अपना दल (एस) युवा मंच के जिलाध्यक्ष उज्ज्वल कटियार से मारपीट का मामला तूल पकड़ गया। आरोप है कि एसआई शुभम तोमर ने थाने में उनकी पिटाई कर हवालात में बंद कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक मोहित सोनकर समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए और कार्रवाई के खिलाफ घेराव कर दिया। मंत्री आशीष पटेल की नाराजगी के बाद जिलाध्यक्ष को छोड़ा गया, जबकि विधायक ने एसआई को लाइन हाजिर करने की मांग उठाई।

जिलाध्यक्ष उज्ज्वल कटियार के मुताबिक शनिवार को आए आंधी-पानी के दौरान उनकी बोलेरो कार क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे नंबर प्लेट टूट गई। उन्होंने नंबर प्लेट को वाहन के अंदर सुरक्षित रख लिया था। आरोप है कि इसी बीच ककवन रोड के पास पुलिस ने उनकी गाड़ी का चालान कर दिया। अगले दिन वह अपनी समस्या बताने के लिए थाने पहुंचे। जहां आरोप है कि एसआई शुभम तोमर ने उनसे अभद्रता करते हुए मारपीट की और हवालात में बंद कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक मोहित सोनकर समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए और पुलिस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई। विधायक ने मौके पर ही संबंधित एसआई को हटाने और लाइन हाजिर करने की मांग उठाई। उन्होंने पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल से फोन वार्ता कर मामले की शिकायत की। इस दौरान विधायक के सामने पुलिस की कार्यशैली से जुड़े कई अन्य मामले भी रखे गए, जिन पर उन्होंने सख्त रुख अपनाया। सत्ता पक्ष की नाराजगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन बैकफुट पर नजर आया। कोतवाल सुधीर कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *