पेड़ काटने के विवाद के बाद दो पक्षों में मारपीट, कई घायल
अरौल,मकनपुर कानपुर नगर। थाना अरौल क्षेत्र के ग्राम भीटी हवेली में शनिवार को वन विभाग की कार्रवाई के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।पीड़ित दीप सिंह उर्फ दीपू के अनुसार, 4 अप्रैल को वन विभाग की टीम उनके दरवाजे पर पहुंची थी। टीम द्वारा उनके पिता द्वारा लगाए गए हरे पेड़ को काटे जाने के मामले में जांच की गई और टीम वापस लौट गई। आरोप है कि इसके बाद गांव के ही अजय, प्रदीप, कुलदीप व राजेंद्र समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू कर दी।पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्यों को भी बेरहमी से पीटा, जिससे कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। यहां तक कि एक हमलावर ने उनके मुंह पर काट लिया। इसी दौरान दूसरे पक्ष की महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं और विवाद और बढ़ गया।शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।पीड़ित ने थाना अरौल में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
